सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण आम लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों का सामान जुटाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
सपा सांसद ने कहा कि आम आदमी के लिए खाने-पीने की बुनियादी चीजें खरीदना भी चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। उनके मुताबिक, बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों के सामान्य जीवन पर पड़ रहा है और परिवारों के लिए रोजमर्रा के खर्चों को संभालना मुश्किल होता जा रहा है।
वहीं, पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के लोहिया ट्रस्ट का चेयरमैन बनने को लेकर पूछे गए सवाल पर अवधेश प्रसाद ने इसे पार्टी अध्यक्ष का निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष का फैसला सर्वोपरि है और इस मामले में किसी तरह का विवाद नहीं है। उनके इस बयान को पार्टी नेतृत्व के फैसले के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश में मदरसों को गिराए जाने के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे ने भी सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी किसी शिक्षण संस्थान या राजनीतिक पार्टी को बंद करने का अधिकार नहीं है। सनातन पांडे ने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई के पीछे की कोशिशें देश को बांटने वाली हैं।
उन्होंने कहा कि भारत संविधान का देश है, इसको संविधान के नियमों के अनुसार चलाना चाहिए, लेकिन भाजपा के लोग इसको नजर अंजाज कर रहे हैं और आने वाले समय में इसका असर उनको देखने को मिलेगा। सनातन पांडे ने कहा कि जनता अब जागरूक हो गई है अब इनके बहकावे में नहीं आने वाली है। जनता को भी पता चल गया है कि कौन इनके लिए काम कर रहा है और कौन दूसरे के लिए कर रहा है।
