ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार, साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच के दौरान लगी चोट के बाद मेडिकल टीम ने उन्हें आगे खेलने के लिए अनुपयुक्त माना है।
यह घटना बुधवार (4 फरवरी)को नवी मुंबई में खेले गए भारत–दक्षिण अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप मुकाबले के दौरान हुई। मैच के दौरान हर्षित राणा अपने रन-अप में दो बार असहज नजर आए। एक ओवर के दौरान उन्होंने अचानक घुटने को पकड़ा और मैदान से लंगड़ाते हुए बाहर चले गए। इस ओवर में उन्होंने 16 रन दिए और इसके बाद दोबारा गेंदबाजी के लिए मैदान पर नहीं लौटे। प्रारंभिक आकलन में इसे जॉइंट टेंडरनेस बताया गया है, जिसके चलते चयन समिति और टीम प्रबंधन ने उन्हें टूर्नामेंट से बाहर रखने का फैसला किया।
हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से अब तक चोट की गंभीरता और रिप्लेसमेंट को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। टीम प्रबंधन उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन सूत्रों के अनुसार टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में जोखिम लेने के बजाय उन्हें आराम देने का निर्णय लिया गया है।
दौरान भारतीय टीम पहले से ही चोटों से जूझ रही है। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर साइड स्ट्रेन के कारण न्यूजीलैंड सीरीज में हिस्सा नहीं ले सके थे, हालांकि वे अब भी विश्व कप टीम का हिस्सा हैं और समय पर फिट होकर लौटने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, तिलक वर्मा भी हाल ही में चोट से उबरकर टीम में लौटे हैं और उन्होंने दो वार्म-अप मैचों में हिस्सा लिया है।
हर्षित राणा को इस विश्व कप से पहले भारत के उभरते तेज गेंदबाजों में गिना जा रहा था। उनकी गति, उछाल और डेथ ओवरों में गेंदबाजी की क्षमता को टीम संयोजन के लिए अहम माना जा रहा था। उनके बाहर होने से भारतीय तेज आक्रमण की रणनीति पर असर पड़ना तय माना जा रहा है, खासकर तब जब टीम को अलग-अलग परिस्थितियों में लगातार मैच खेलने हैं।
भारत अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका (USA) के खिलाफ खेलेगा। इससे पहले टीम प्रबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती हर्षित राणा की जगह उपयुक्त विकल्प चुनने की होगी, ताकि तेज गेंदबाजी आक्रमण में संतुलन बना रहे।
यह भी पढ़ें:
भारत-GCC मुक्त व्यापार समझौते की संभावनाएं
लापता लोगों’ को लेकर बढ़ा-चढ़ाकर किए गए दावों के पीछे पेड कैंपेन का शक; दिल्ली पुलिस का दावा
मद्रास हाईकोर्ट: अभिनेता से राजनेता बने विजय पर ₹1.5 करोड़ का टैक्स जुर्माना बरक़रार



