इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 2026 टी20 विश्व कप को लेकर बांग्लादेश की ओर से किए गए सुरक्षा दावों पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है। ICC के इस खंडन से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के सलाहकार और खेल मामलों के प्रमुख चेहरा माने जाने वाले आसिफ नज़रुल के दावे सवालों के घेरे में आ गए हैं।
हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आसिफ नज़रुल ने दावा किया था कि ICC ने भारत में होने वाले 2026 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान बांग्लादेशी खिलाड़ियों और प्रशंसकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं जताई हैं। नज़रुल ने यह भी कहा कि ICC की ओर से की गई सुरक्षा समीक्षा ने उनके भारत विरोधी रुख को सही साबित कर दिया है। हालांकि, ICC ने तुरंत बयान जारी कर कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ ऐसा कोई आकलन साझा नहीं किया गया है।
ICC ने अपने आधिकारिक जवाब में साफ किया कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप मौजूदा शेड्यूल के अनुसार ही आयोजित होगा। गवर्निंग बॉडी के अनुसार, भारत में टूर्नामेंट के लिए कुल सुरक्षा जोखिम को “कम से मध्यम” श्रेणी में आंका गया है, जो आम तौर पर बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के अनुरूप होता है। ICC के अनुसार, जोखिम मूल्यांकन में बांग्लादेश टीम, उसके अधिकारियों या भारत के किसी भी मैच स्थल को निशाना बनाने वाले किसी विशेष या प्रत्यक्ष खतरे की पहचान नहीं की गई है।
सोमवार को हुई ब्रीफिंग में आसिफ नज़रुल ने कथित तौर पर ICC के निष्कर्षों का हवाला देते हुए कहा,“हमने ICC को दो पत्र भेजे, जिसके बाद उनकी सुरक्षा टीम ने जवाब दिया।” उन्होंने आगे दावा किया, “उन्होंने दावा किया कि अगर तीन चीजें हुई तो बांग्लादेश टीम के लिए खतरा बढ़ जाएगा। अगर मुस्तफिजुर रहमान को टीम में शामिल किया जाता है, समर्थक सार्वजनिक रूप से बांग्लादेश की नेशनल जर्सी पहनते हैं, और जैसे-जैसे बांग्लादेश में चुनाव नज़दीक आएंगे तो बांग्लादेश टीम के लिए खतरा बढ़ जाएगा।”
नज़रुल ने इन कथित टिप्पणियों के आधार पर कहा कि यह सबूत है कि भारत का माहौल बांग्लादेशी टीम के लिए सुरक्षित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ICC बांग्लादेश से अपने प्रमुख गेंदबाज को बाहर रखने, प्रशंसकों से जर्सी न पहनने या चुनावी समय-सीमा को लेकर अपेक्षाएं रखती है, तो यह अजीब और गैर-वाजिब है।
ICC के सख्त खंडन के बाद नज़रुल के बयान तथ्यों के विपरीत माने जा रहे हैं। ICC ने दोहराया है कि उसकी स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है और वह सभी भाग लेने वाले देशों से अपेक्षा करती है कि वे भागीदारी की तय शर्तों को पूरा करें।
इस पूरे घटनाक्रम ने भारत-बांग्लादेश के बीच पहले से मौजूद राजनीतिक तनाव के संदर्भ में बांग्लादेशी खेल नेतृत्व की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खासतौर पर मुस्तफिजुर रहमान और नेशनल जर्सी को लेकर किए गए विशिष्ट दावों को लेकर आलोचना तेज हो गई है।
ICC के अनुसार, इस मुद्दे पर जल्द ही एक विस्तृत औपचारिक बयान जारी किया जा सकता है, ताकि स्थिति को लेकर किसी भी तरह की अटकलों पर विराम लगाया जा सके। फिलहाल ICC का रुख स्पष्ट है कि 2026 टी20 विश्व कप की तैयारियां योजना के अनुसार आगे बढ़ रही हैं और सुरक्षा को लेकर कोई असाधारण चिंता दर्ज नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें:
देसी बम निगलने से हाथी के बच्चे की मौत, पूछताछ के लिए आरोपी गिरफ्तार
बांग्लादेश: हिन्दू गायक प्रोलोय चाकी की हिरासत में मौत, हिंदू रिक्शवाले को पीट-पीटकर मार डाला!



