ग्रंथालय, लाइब्रेरी मानव सभ्यता की स्मृति होती हैं। इनमें संचित ज्ञान, दुर्लभ पांडुलिपियाँ और सदियों पुराने ग्रंथ आज भी शोधकर्ताओं और पाठकों को अतीत से जोड़ते हैं। डिजिटल युग के बावजूद, दुनिया में कई ऐसी ऐतिहासिक लाइब्रेरियाँ हैं जो आज भी पूरी तरह संचालित हो रही हैं और अपने गौरवशाली इतिहास को जीवित रखे हुए हैं। यह फीचर ऐसी ही छह प्रमुख लाइब्रेरियों पर एक नज़र डालता है।
अल-क़रावियीन लाइब्रेरी, मोरक्को:

अल-क़रावियीन लाइब्रेरी को दुनिया की सबसे पुरानी कार्यरत लाइब्रेरियों में गिना जाता है। इसकी स्थापना वर्ष 859 ईस्वी में फ़ातिमा अल-फ़िहरी ने की थी। यह अल-क़रावियीन विश्वविद्यालय का हिस्सा है, जिसे दुनिया के सबसे पुराने विश्वविद्यालयों में से एक माना जाता है। यहाँ दुर्लभ कुरान की प्रतियाँ, प्राचीन पांडुलिपियाँ और ऐतिहासिक दस्तावेज सुरक्षित हैं, जिन पर सदियों से विद्वान अध्ययन करते आ रहे हैं।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ फ्रांस, पेरिस

फ्रांस की राष्ट्रीय लाइब्रेरी की जड़ें 14वीं सदी की शाही लाइब्रेरी से जुड़ी हैं। समय के साथ यह दुनिया की सबसे बड़ी लाइब्रेरियों में शामिल हो गई। इसके संग्रह में करोड़ों पुस्तकें, मानचित्र, पांडुलिपियाँ और प्रिंट्स हैं, जो आज भी शोधकर्ताओं, छात्रों और आम नागरिकों के लिए उपलब्ध हैं।
बोडलियन लाइब्रेरी, ऑक्सफोर्ड, इंग्लैंड

1602 में स्थापित बोडलियन लाइब्रेरी, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की मुख्य शोध लाइब्रेरी है। यह यूरोप की सबसे पुरानी लाइब्रेरियों में से एक मानी जाती है। लाखों पुस्तकों और ऐतिहासिक रीडिंग रूम्स के साथ यह आज भी अकादमिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
वेटिकन अपोस्टोलिक लाइब्रेरी, वेटिकन सिटी

औपचारिक रूप से 1475 में स्थापित इस लाइब्रेरी का संग्रह उससे भी कहीं अधिक पुराना है। यहाँ हजारों दुर्लभ पांडुलिपियाँ, ऐतिहासिक दस्तावेज और मुद्रित ग्रंथ संरक्षित हैं, जिनका अध्ययन दुनियाभर के विद्वान करते हैं।
सेंट कैथरीन लाइब्रेरी, सिनाई, मिस्र

527 से 565 ईस्वी के बीच स्थापित यह लाइब्रेरी दुनिया की सबसे पुरानी निरंतर संचालित लाइब्रेरी मानी जाती है। यहाँ ग्रीक, लैटिन, अरबी और सीरियक भाषाओं की प्रारंभिक पांडुलिपियों का विशाल संग्रह है।
बिब्लियोतेका मार्सियाना, वेनिस, इटली

1468 में स्थापित यह सार्वजनिक लाइब्रेरी सेंट मार्क्स स्क्वायर में स्थित है। यह शास्त्रीय ग्रंथों और वेनिस के इतिहास से जुड़ी दुर्लभ पुस्तकों और पांडुलिपियों के लिए जानी जाती है।



