भिखारी ठाकुर ने 109 साल पहले ही पति-पत्नी के बिछोह की पीड़ा को इतनी गहराई से दिखाया था कि आज के इस टूटते रिश्तों के दौर में भी यह नाटक अपनी प्रासंगिकता नहीं खोता।
बिदेसिया उन महिलाओं को याद दिलाता है कि पति का साथ कितना अनमोल होता है और परदेस या किसी भी परिस्थिति में अलगाव कितना दर्दनाक हो सकता है। यह नाटक सिर्फ विरह की कहानी नहीं बल्कि वैवाहिक जीवन में समझ, सहनशीलता और प्रेम की अहमियत सिखाता है।
वक्त के साथ सब कुछ पीछे छूट जाता है लेकिन कभी-कभी कुछ रचनाएं और नाटक ऐसे होते हैं जो दशकों तक लोगों के दिलों में अमर रह जाते हैं। आज भी जब बिदेसिया रंगमंच पर प्रस्तुत होता है तो पत्नी का वह करुण वियोग दर्शकों को सीट पर जकड़ लेता है।
भिखारी ठाकुर ने महिलाओं की इस अंतहीन पीड़ा को नाटक के माध्यम से बड़े ही मार्मिक ढंग से सामने लाया। शायद उन्होंने अपने बचपन या जवानी में बिहार के गांवों में ऐसी अनेक महिलाओं को देखा था, जिनके पति पेट की आग बुझाने परदेस चले जाते थे और पीछे सिर्फ आंसू, सूना घर और लंबा इंतजार छोड़ जाते थे।
भिखारी ठाकुर का जन्म 18 दिसंबर 1887 बिहार के सारण (छपरा) जिले स्थित एक गांव में एक नाई परिवार में हुआ। वे भोजपुरी के महान लोक कलाकार, कवि, गीतकार, नाटककार, अभिनेता, नर्तक और समाज सुधारक थे।
उन्होंने शुरुआत में नााई का भी काम किया लेकिन, उन्हें इसमें रूचि नहीं थी। वह कुछ अलग करना चाहते थे लेकिन सामने कोई रास्ता नहीं दिखाई देता था। इसी दौरान उन्हें रंगमंच(नाटक) में रूचि हुई। शुरूआत रामलीला के मंचन से शुरू हुआ।
उन्होंने जितनी भी रचनाएं की, उनमें महिलाओं को हमेशा केंद्र बिंदु रखा। बिदेसिया, बेटी-बेचवा, गबरघिचोर, भाई-विरोध, विधवा-विलाप, गंगा-स्नान आदि उनकी प्रमुख रचनाएं और नाटक थे। उन्होंने भोजपुरी भाषा और संस्कृति को लोकप्रिय बनाया।
भिखारी ठाकुर की तारीफ करते हुए राहुल सांकृत्यायन जैसे विद्वानों ने उनकी सराहना की और उन्हें अनगढ़ हीरा कहा। भिखारी ठाकुर ने लौंडा नाच को भी प्रचलित किया। आज भी बिहार में लौंचा नाच कराने की परंपरा जारी है। हाल ही में पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के मौके पर दर्शकों के सामने लौंडा नाच का मंचन किया गया था।
भिखारी ठाकुर को यूं तो कई पुरस्कार, सम्मान से नवाजा जा चुका है लेकिन, हाल ही में उन्हें भारत रत्न दिलाने की मांग तेज हो गई है।
भोजपुरी स्टार और भाजपा सांसद मनोज तिवारी और मशहूर गायिका कल्पना पटवारी ने भिखारी ठाकुर को भारत रत्न दिलाने की मांग की थी। मनोज तिवारी ने इसे लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को भी पत्र लिखा था।
भोजपुरी के अन्य स्टार रवि किशन से लेकर खेसारी लाल यादव और सुपरस्टार पवन सिंह भिखारी ठाकुर को अपना आदर्श मानते हैं। कलाकारों का मानना है कि भिखारी ठाकुर ने जो भोजपुरी कला क्षेत्र के लिए किया, जो योगदान दिया, उसे कभी भूलाया नहीं जा सकता है।
महिलाओं की पीड़ा को अपनी रचनाओं और नाटकों के माध्यम से दुनिया के सामने लाने वाले भिखारी ठाकुर का निधन 10 जुलाई 1971 को हुआ। बिहार के छपरा में आज भी भिखारी ठाकुर की ओर से लौंडा नाच की परंपरा जारी है।
उत्तरी क्षेत्र के अग्रिम मोर्चों पर पहुंचे वायुसेना प्रमुख, परिचालन तैयारियों की समीक्षा!



