31.3 C
Mumbai
Tuesday, June 9, 2026
होमदेश दुनियाअमेरिकी मिसाइल हमले के बाद ओमान तट से 24 भारतीय नाविकों का...

अमेरिकी मिसाइल हमले के बाद ओमान तट से 24 भारतीय नाविकों का रेस्क्यू, दो दिन में भारत लौटने की उम्मीद

ईरान से जुड़े होने के कारण अमेरिकी प्रतिबंध झेल रहे टैंकर मारिवेक्स पर हमला; सभी भारतीय नाविक सुरक्षित, लेकिन सदमे में

Google News Follow

Related

ओमान के दक्षिण-पूर्वी तट के पास सोमवार (8 जून 2026) को अमेरिकी मिसाइल हमले का शिकार बने टैंकर एमटी मारिवेक्स (Marivex) से 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में रहे इस जहाज पर हमले के बाद चालक दल ने आपात संदेश भेजकर सहायता की गुहार लगाई थी। सभी भारतीय नाविकों को हेलीकॉप्टर के जरिए बचाकर ओमान के मसीरा द्वीप पहुंचाया गया है और उनके अगले दो दिनों में भारत लौटने की संभावना है।

फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) के महासचिव मनोज यादव को नाविकों द्वारा भेजे गए ऑडियो संदेशों में कहा गया, “यह मोटर टैंकर मारिवेक्स है। जहाज में आग लग गई है। पोत डूब रहा है। अमेरिकी नौसेना ने हमारे इंजन रूम पर मिसाइल से हमला किया है। जहाज के निचले हिस्से में बड़ा छेद हो गया है।”

दूसरी ओर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (Centcom) ने अपने बयान में कहा, “अमेरिकी बलों ने 8 जून को ओमान की खाड़ी में एक खाली तेल टैंकर को निष्क्रिय (हमला) किया, क्योंकि वह ईरान के खिलाफ जारी नाकेबंदी का उल्लंघन करते हुए एक ईरानी बंदरगाह की ओर बढ़ रहा था। यूएसएस अब्राहम लिंकन (CVN 72) से उड़ान भरने वाले F/A-18 सुपर हॉर्नेट विमान ने जहाज के इंजीनियरिंग और स्टीयरिंग सेक्शन पर सटीक हथियार दागा, क्योंकि चालक दल अमेरिकी बलों के निर्देशों का पालन नहीं कर रहा था। मारिवेक्स अब ईरान की ओर नहीं बढ़ रहा है।”

नाविकों के अनुसार, हमले के बाद जहाज के पिछले हिस्से में भीषण आग लग गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि जहाज के एक तरफ मौजूद लाइफबोट हमले में क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि दूसरी तरफ की लाइफबोट तक आग के कारण पहुंचना संभव नहीं था। चालक दल ने यह भी आरोप लगाया कि पास में मौजूद एक अमेरिकी युद्धपोत तत्काल सहायता नहीं दे रहा था और समुद्री बचाव एजेंसियों से भी शुरुआती प्रतिक्रिया नहीं मिली।

भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, मुंबई स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (MRCC) को दोपहर लगभग 2:20 बजे हमले की सूचना मिली। यह सूचना जहाज पर मौजूद एक नाविक के परिजन ने दी थी। इसके बाद एमआरसीसी मुंबई ने तुरंत ओमान मैरीटाइम सर्च एंड रेस्क्यू सेंटर (OMSC) से संपर्क कर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।

बाद में चलाए गए संयुक्त बचाव अभियान में सभी 24 भारतीय नाविकों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित निकाला गया। मनोज यादव ने बताया कि सभी नाविक सुरक्षित हैं, लेकिन वे मानसिक रूप से सदमे में हैं और अधिकांश के मोबाइल फोन भी हमले में खो गए हैं।

केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने प्रेस वार्ता में कहा कि “एमटी मारिवेक्स पर आज लगभग 13:30 बजे ओमान तट के पास आग लगने की घटना की सूचना मिली थी।” हालांकि उन्होंने आग लगने के कारण पर टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने पुष्टि की कि जहाज पर मौजूद सभी 24 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि टैंकर खाली था और होर्मुज जलडमरूमध्य से दूर स्थित था।

शिपिंग डेटाबेस इक्वासिस (Equasis) के अनुसार, मारिवेक्स पर अमेरिका ने पिछले वर्ष दिसंबर में प्रतिबंध लगाए थे। यह जहाज अप्रैल 2026 में युद्धविराम की घोषणा के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकलने वाले कुछ चुनिंदा जहाजों में शामिल था। उस समय इसने ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह से मैंगलोर तक तेल पहुंचाया था।

एफएसयूआई के अनुसार, तब से यह जहाज लगातार संघर्ष प्रभावित समुद्री क्षेत्र में संचालित हो रहा था। जहाज का अंतिम दर्ज बंदरगाह कर्नाटक का कारवार था और यह ओमान के दुक्म बंदरगाह की ओर जा रहा था। वहीं, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर ने इस घटना को “संदिग्ध गतिविधि” के रूप में चिह्नित कर हमला किया।

यह भी पढ़ें:

पॉज, ब्रीद, रीकनेक्ट : आयुष मंत्रालय ने सिखाई ध्यान की आसान तकनीक!

8 गोल्ड और 9 ब्रॉन्ज मेडल के साथ भारत ने उलानबातर ओपन का समापन किया!

“सावधान रहें, अकेले पड़ जाएंगे!” ट्रंप की नेतन्याहू को फिर चेतावनी

PoK में आंदोलन से पहले हिंसक संघर्ष, 11 की मौत

National Stock Exchange

लेखक से अधिक

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Star Housing Finance Limited

हमें फॉलो करें

151,391फैंसलाइक करें
526फॉलोवरफॉलो करें
312,000सब्सक्राइबर्ससब्सक्राइब करें

अन्य लेटेस्ट खबरें