31.5 C
Mumbai
Saturday, November 28, 2026
होमदेश दुनियाएटीएम मुफ्त लेनदेन सीमा खत्म होने पर बैंक भेजेंगे ग्राहकों को अलर्ट!

एटीएम मुफ्त लेनदेन सीमा खत्म होने पर बैंक भेजेंगे ग्राहकों को अलर्ट!

नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, बैंकों को ऐसी व्यवस्था विकसित करनी होगी जिससे ग्राहकों को हर महीने उपयोग किए गए मुफ्त एटीएम लेनदेन की जानकारी मिल सके।

Google News Follow

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एटीएम और पॉइंट-ऑफ-सेल (पीओएस) टर्मिनलों के जरिए कैश निकासी से जुड़े नियमों को एकीकृत करते हुए नया ‘मास्टर डायरेक्शन’ जारी किया है। इसके साथ ही वर्ष 2008 से 2022 के बीच जारी किए गए 17 अलग-अलग सर्कुलरों को वापस ले लिया गया है।

नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, बैंकों को ऐसी व्यवस्था विकसित करनी होगी जिससे ग्राहकों को हर महीने उपयोग किए गए मुफ्त एटीएम लेनदेन की जानकारी मिल सके। साथ ही मुफ्त सीमा समाप्त होने के बाद लागू होने वाले शुल्क की भी स्पष्ट सूचना देनी होगी।

आरबीआई ने कहा है कि बैंकों को अपने एटीएम पर यह भी स्पष्ट रूप से बताना होगा कि वह मेट्रो क्षेत्र में स्थित है या गैर-मेट्रो क्षेत्र में। इससे ग्राहकों को यह समझने में सुविधा होगी कि उनके लिए मुफ्त लेनदेन की कितनी सीमा उपलब्ध है।

इसके अलावा, एटीएम पर अधिकतम नकद निकासी सीमा, मुफ्त लेनदेन की संख्या और लागू शुल्क संबंधी जानकारी अंग्रेजी, हिंदी और स्थानीय भाषा में प्रदर्शित करनी होगी।

यह नया फ्रेमवर्क, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा, अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों, सहकारी बैंकों, अधिकृत भुगतान प्रणाली प्रदाताओं और अन्य संबंधित संस्थाओं पर लागू होगा।

आरबीआई ने स्पष्ट किया कि मौजूदा मुफ्त लेनदेन की सीमा (फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट) में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बचत खाते के ग्राहकों को अपने बैंक के एटीएम पर प्रति माह पांच मुफ्त लेनदेन की सुविधा मिलेगी, जिसमें वित्तीय और गैर-वित्तीय दोनों प्रकार के लेनदेन शामिल होंगे।

अन्य बैंकों के एटीएम पर ग्राहकों को मेट्रो शहरों में तीन मुफ्त लेनदेन और गैर-मेट्रो क्षेत्रों में पांच मुफ्त लेनदेन की सुविधा मिलेगी। हालांकि यदि ग्राहक दोनों श्रेणियों के एटीएम का उपयोग करता है, तो कुल मुफ्त लेनदेन की सीमा पांच ही रहेगी।

बैंक अपनी इच्छा से अतिरिक्त मुफ्त लेनदेन की सुविधा भी दे सकते हैं। निर्धारित सीमा के बाद प्रत्येक लेनदेन पर वसूला जाने वाला शुल्क 23 रुपए से अधिक नहीं हो सकता। इसके अतिरिक्त लागू कर अलग से वसूले जा सकते हैं। आरबीआई ने बैंकों को ऐसे शुल्कों के लिए बोर्ड द्वारा अनुमोदित नीति (बोर्ड अप्रूव्ड पॉलिसी) बनाए रखने का भी निर्देश दिया है।

नए नियमों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि तकनीकी कारणों से असफल होने वाले एटीएम लेनदेन को वैध ट्रांजैक्शन नहीं माना जाएगा और उन पर कोई शुल्क नहीं लगाया जा सकेगा। इसमें हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर, संचार प्रणाली की विफलता या एटीएम में नकदी समाप्त होने जैसी स्थितियां शामिल हैं।

इसी प्रकार, यदि किसी लेनदेन की विफलता का कारण पूरी तरह बैंक या सेवा प्रदाता की ओर से हो, तो उसे भी चार्जेबल ट्रांजैक्शन नहीं माना जाएगा। ‘मास्टर डायरेक्शन’ में डेबिट कार्ड, पूर्ण-केवाईसी वाले प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (पीपीआई) और यूपीआई के जरिए पीओएस टर्मिनलों पर नकद निकासी की व्यवस्था को भी शामिल किया गया है।

इसके तहत प्रति लेनदेन अधिकतम 2,000 रुपए तक नकद निकासी की जा सकेगी, जबकि कुल मासिक सीमा 10,000 रुपए होगी। यदि कोई शुल्क लगाया जाता है तो वह निकाली गई राशि के 1 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकता।

आरबीआई ने यह भी स्पष्ट किया है कि व्यापारी प्रतिष्ठानों पर नकद निकासी की सुविधा ग्राहक द्वारा खरीदारी करने या न करने, दोनों ही स्थितियों में उपलब्ध होनी चाहिए। यदि ग्राहक खरीदारी के साथ नकद निकासी भी करता है, तो रसीद में दोनों राशियों का अलग-अलग उल्लेख किया जाना अनिवार्य होगा।

यह भी पढ़ें-
National Stock Exchange

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Star Housing Finance Limited
[td_block_social_counter open_in_new_window="y" style="style6 td-social-boxed" block_template_id="td_block_template_9" border_color="#fbd54a" f_header_font_size="26" f_header_font_weight="700" tdc_css="eyJhbGwiOnsibWFyZ2luLXRvcCI6IjAiLCJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzAiLCJwYWRkaW5nLXRvcCI6IjAiLCJkaXNwbGF5IjoiIn19" custom_title="हमें फॉलो करें" facebook="NewsDankaHindi" twitter="NewsDanka" youtube="channel/UCqtL0xCsgAmB3XXrh9nln2Q" manual_count_twitter="526" f_header_font_family="668"]

अन्य लेटेस्ट खबरें