मेक्सिको के सबसे शक्तिशाली ड्रग कार्टेल सरगना एल मेंचो की सैन्य अभियान के दौरान हुई मौत हुई है। इस सैन्य अभियान के बाद मेक्सिको के कई राज्यों में हिंसा भड़क उठी है। मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय ने रविवार (22 फरवरी ) को घोषणा की कि पश्चिमी राज्य जलिस्को में सैन्य छापेमारी के दौरान घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई। मंत्रालय के अनुसार, उसे हवाई मार्ग से मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
“एल मेंचो” लंबे समय से फरार था और दुनिया के सबसे वांछित ड्रग तस्करों में गिना जाता था। उसका आपराधिक संगठन जिलेस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) पिछले एक दशक में मेक्सिको का सबसे प्रभावशाली संगठित अपराध सिंडिकेट बनकर उभरा। यह कार्टेल अमेरिका तक कोकीन, मेथामफेटामिन और फेंटेनिल की तस्करी के लिए कुख्यात रहा है।
एल मेंचो की मौत की खबर के बाद जलिस्को सहित आधा दर्जन से अधिक राज्यों में हिंसक घटनाएं सामने आईं। कई जगहों पर वाहनों में आग लगा दी गई और हथियारबंद लोगों ने राजमार्गों को अवरुद्ध कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जलिस्को के पर्यटन शहर प्यूर्टो वल्लार्ता में धुएं के गुबार उठते दिखाई दिए। राज्य की राजधानी ग्वाडलाहारा में सड़कों पर जलते वाहन नजर आए।
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लौडिया सिनबम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि संघीय सरकार राज्य सरकारों के साथ पूर्ण समन्वय में काम कर रही है। जलिस्को के गवर्नर पाब्लो लेमुस नवारो ने नागरिकों से अपील की कि स्थिति सामान्य होने तक घरों में ही रहें।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंपके प्रशासन की ओर से मेक्सिको पर ड्रग तस्करी के खिलाफ सख्ती बढ़ाने का दबाव बनाया जा रहा था। वाशिंगटन ने प्रत्यक्ष हस्तक्षेप की चेतावनी भी दी थी। अमेरिका ने एल मेंचो की गिरफ्तारी या सजा तक पहुंचाने वाली सूचना पर 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया था।
अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडाउ ने इस कार्रवाई को बड़ा कदम बताया है। दरअसल पिछले साल ट्रंप प्रशासन ने CJNG को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया था।
हिंसा के मद्देनजर अमेरिकी विदेश विभाग ने जलिस्को, तामाउलिपास, मिचोआकान, गुएरेरो और नुएवो लियोन राज्यों में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। कनाडा ने भी प्यूर्टो वल्लार्ता में अपने नागरिकों को घरों में रहने और कम प्रोफाइल बनाए रखने का निर्देश दिया है।
ओसेगुएरा के नेतृत्व में CJNG एक क्षेत्रीय गुट से अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में बदल गया था। भारी हथियारों, सैन्य शैली के काफिलों और सार्वजनिक हिंसा के प्रदर्शन के जरिए इस संगठन ने मेक्सिको में भय का माहौल बनाया। हालांकि वैश्विक स्तर पर इसका नाम कभी सिनलाओ कार्टेल जितना चर्चित नहीं रहा, जिसे कभी जोआक्विन एल चापो गुजमान चलाया करता था। लेकिन मेक्सिको के भीतर इसकी क्रूर रणनीतियां और तेज क्षेत्रीय विस्तार इसे बेहद प्रभावशाली बनाते रहे।
फिलहाल सुरक्षा बल हालात पर काबू पाने में जुटे हैं, लेकिन “एल मेंचो” की मौत ने मेक्सिको में संगठित अपराध के खिलाफ लड़ाई को एक नए मोड़ पर ला खड़ा किया है।
यह भी पढ़ें:
रेचक से चतुर्थ तक, चार प्रकार के होते हैं प्राणायाम
प्रोटीन सप्लीमेंट लेने पर भी नहीं बन रही बॉडी तो जान लें इसका कारण
आयुर्वेद में हजारों साल पुरानी तकनीक है ऑयल पुलिंग; सिर्फ दांत नहीं, गट हेल्थ के लिए भी बेहतर



