ईरान के हमलों के चलते UAE ने हवाई क्षेत्र किया बंद; फुजैरा हमले में 3 भारतीय घायल

ईरान के हमलों के चलते UAE ने हवाई क्षेत्र किया बंद; फुजैरा हमले में 3 भारतीय घायल

UAE closes airspace due to Iran attacks; 3 Indians injured in Fujairah attack

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने बढ़ते सुरक्षा खतरे के मद्देनज़र 4 मई से 11 मई तक अपने हवाई क्षेत्र को आंशिक रूप से बंद कर दिया है। ‘नोटिस टू एयरमेन’ (NOTAM A1722/26) के तहत एमिरेट्स फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन में वाणिज्यिक उड़ानों को सीमित मार्गों तक प्रतिबंधित किया गया है। हालांकि, अमेरिकी और सहयोगी बलों की मौजूदगी वाले अल धफरा एयर बेस को सीमित संचालन के साथ खुला रखा गया है। दौरान सोमवार (4 मई) को हवाई हमलों में 3 भारतीयों के घायल होने की खबर मिली है।

UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 4 मई 2026 को ईरान की ओर से किए गए हमले में 12 बैलिस्टिक मिसाइल, 3 क्रूज़ मिसाइल और 4 ड्रोन दागे गए। इनमें से अधिकांश को वायु रक्षा प्रणालियों ने निष्क्रिय कर दिया, जबकि एक क्रूज़ मिसाइल समुद्र में जा गिरी। इस हमले में तीन लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

मंत्रालय ने यह भी बताया कि मौजूदा संघर्ष की शुरुआत से अब तक UAE की वायु रक्षा प्रणालियों ने कुल 549 बैलिस्टिक मिसाइल, 29 क्रूज़ मिसाइल और 2,260 ड्रोन को रोका है। इस दौरान 227 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई देशों के नागरिक शामिल हैं। अब तक कुल 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि 10 नागरिकों की जान गई है, जिनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।

सोमवार को हुए ताजा हमले में फुजैरा ऑयल इंडस्ट्री ज़ोन को निशाना बनाया गया, जो यूएई के लिए एक महत्वपूर्ण ऊर्जा केंद्र है। इस हमले में ड्रोन के जरिए आग लग गई, जिसे काबू में करने के लिए राहत और बचाव दलों को तैनात किया गया। इस घटना में तीन भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं।

अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। दूतावास ने कहा, “फुजैरा में हुए हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। हम स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर उनकी देखभाल सुनिश्चित कर रहे हैं।”

हमले के दौरान दुबई और अबू धाबी के निवासियों को संभावित मिसाइल खतरे को लेकर अलर्ट जारी किए गए। वहीं, ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान की नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अपने ऑपरेशन का दायरा बढ़ा दिया है।

UAE के विदेश मंत्रालय ने इन हमलों को विश्वासघाती करार देते हुए कहा है कि देश अपनी संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए उचित जवाब देने का अधिकार सुरक्षित रखता है। यह बयान संभावित जवाबी कार्रवाई के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें:

स्वाद ही नहीं, ठंडक और एनर्जी का राजा है ठंडई, गर्मी में तन-मन रहेगा तरोताजा

भाजपा का ‘जय मां काली’ सुपरहिट, टीएमसी का ‘हृदय माछे काबा, नयन-ए-मदीना’ फुस्स!

आरजी कर केस की गंभीरता ने टीएमसी को किया पस्त; पानीहाटी में भाजपा की रत्ना देबनाथ की जीत

Exit mobile version