अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच तीखी बहस होने की खबर है। बताया गया है कि लेबनान में इज़राइल के बढ़ते सैन्य अभियान को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने फोन पर बातचीत के दौरान बेंजामिन नेतन्याहू पर नाराज़गी जताई। दूसरी ओर, इस संघर्ष के कारण ईरान के साथ चल रही संवेदनशील वार्ताओं में बाधा न आए, इसके लिए वॉशिंगटन प्रयासरत है।
यह अभूतपूर्व टकराव तब सामने आया जब इज़राइल ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले के आदेश दिए और दक्षिणी लेबनान में अपने जमीनी अभियानों का विस्तार किया। इससे क्षेत्रीय स्तर पर व्यापक युद्ध की आशंका बढ़ गई और तेहरान की ओर से नई चेतावनियां भी जारी की गईं।
रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप ने नेतन्याहू पर इज़राइल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग करने और ईरान के साथ अमेरिका के कूटनीतिक प्रयासों को खतरे में डालने का आरोप लगाया। इस बातचीत की जानकारी रखने वाले दो अमेरिकी अधिकारियों और एक अन्य सूत्र के मुताबिक, ट्रंप ने नेतन्याहू को “पागल” कहा और शिकायत की कि इज़राइली नेता परिणामों की परवाह किए बिना कदम उठा रहे हैं।
एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा, “तुम पूरी तरह पागल हो। अगर मैं नहीं होता तो तुम जेल में होते। मैं तुम्हारी जान बचा रहा हूं। अब हर कोई तुमसे नफरत करता है। इसकी वजह से लोग इज़राइल से भी नफरत करने लगे हैं।”
सोमवार को नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने हिजबुल्लाह पर बार-बार युद्धविराम का उल्लंघन करने और इज़राइली क्षेत्र पर हमले करने का आरोप लगाते हुए बेरूत के दहियेह इलाके में हिजबुल्लाह-नियंत्रित क्षेत्रों पर हमले करने के आदेश दिए। इस घोषणा के बाद बड़े हवाई हमलों की आशंका से लेबनान की राजधानी के दक्षिणी उपनगरों के कई निवासी वहां से पलायन कर गए।
हिजबुल्लाह समर्थक ईरान ने चेतावनी दी है कि लेबनान में इज़राइल के लगातार हमले, कई महीनों से जारी तनाव को कम करने के उद्देश्य से वॉशिंग्टन के साथ चल रही वार्ताओं को प्रभावित कर सकते हैं। ईरानी अधिकारियों ने बार-बार कहा है कि लेबनान में युद्धविराम, अमेरिका के साथ किसी भी व्यापक समझौते का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
यह भी पढ़ें:
पीठ-गर्दन में अकड़न और गड़बड़ रहता है पेट? ‘सरलमत्स्यासन’ से मिलेगी राहत!
आसाम: लव जिहाद आरोपी आसिफ की पुलिस एनकाउंटर में मौत ; मर्डर वेपन बरामद करने गई टीम पर चलाई थी गोली
घड़ा ही नहीं, मिट्टी के बोतल और गिलास भी खास, प्राकृतिक ठंडक के साथ स्वाद भी बढ़ाए!
