पुणे एयरपोर्ट पर वायुसेना के विमान की हार्ड लैंडिंग, रनवे अस्थायी रूप से बंद

पुणे एयरपोर्ट पर वायुसेना के विमान की हार्ड लैंडिंग, रनवे अस्थायी रूप से बंद

IAF aircraft makes hard landing at Pune airport, runway temporarily closed

पुणे एयरपोर्ट पर शुक्रवार (17 अप्रैल) देर रात भारतीय वायुसेना के एक विमान की हार्ड लैंडिंग के बाद रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने या नागरिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। वायुसेना ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए कहा, “IAF के एक विमान से जुड़ी घटना के कारण पुणे का रनवे अस्थायी रूप से बंद है। विमान का क्रू सुरक्षित है और किसी भी नागरिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है।” साथ ही यह भी बताया गया कि रनवे को जल्द से जल्द फिर से चालू करने के प्रयास जारी हैं।

ज्ञात हो की, पुणे एयरपोर्ट ‘ड्युअल यूज मॉडल’ पर संचालित होता है, जहां नागरिक उड़ानों के साथ-साथ वायुसेना स्टेशन भी कार्यरत है। इसी वजह से वायुसेना से जुड़ी किसी भी घटना का असर नागरिक उड़ानों पर भी पड़ता है। एक पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि वायुसेना के विमान की “हार्ड लैंडिंग” हुई, हालांकि उन्होंने घटना के तकनीकी पहलुओं पर अधिक जानकारी साझा नहीं की।

इस बीच, केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ ने भी रनवे बंद होने की पुष्टि की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, “शुक्र है कि विमान का क्रू सुरक्षित है और किसी भी नागरिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है। एयरलाइंस को सूचित कर दिया गया है और रनवे का सामान्य परिचालन बहाल करने में लगभग पांच घंटे लग सकते हैं।”

मंत्री ने यह भी बताया कि वह एयरपोर्ट डायरेक्टर और वायुसेना अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।

घटना के कारण कुछ समय के लिए उड़ान संचालन प्रभावित रहा, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि हालात को तेजी से नियंत्रित करने और सामान्य सेवाएं बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें:

बिहार में एनडीए के नेता बोले, महिलाओं का हक छीनना विपक्ष को महंगा पड़ेगा

DRDO ने हासिल किया पृथ्वी-II के लिए 3 साल का सपोर्ट अनुबंध

अंतरिक्ष में निगरानी बढ़ाएगा भारत: उत्तर-पूर्व में नया रडार और लद्दाख में टेलीस्कोप स्थापित करेगा ISRO

आंवला से पपीता तक, लिवर के लिए ‘सुरक्षा कवच’ हैं ये फल, रोजाना सेवन से मिलेंगे कई फायदे

Exit mobile version