महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड से जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से गहरा लगाव है। उत्तराखंड उनके दिल और दिमाग में बसा है। हमने उनसे जल्द ही उत्तराखंड आने का अनुरोध किया है। अगर वे आते हैं, तो हम सभी के लिए इससे बड़ी खुशी की बात क्या हो सकती है?
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप श्री बद्रीनाथ धाम का मास्टर प्लान के तहत विकास किया जा रहा है। हमारी विरासत और हमारा भविष्य की थीम पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं और पर्यटकों को हमारे हस्त शिल्प और जैविक उत्पादों से रूबरू करवा रहा है। पीएम के नेतृत्व में हमारी सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मूल मंत्र के साथ संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रयासरत है।
सीएम धामी ने कहा कि बद्रीनाथ धाम का तेज गति से मास्टर प्लान के अनुरूप विकास करने के साथ ही वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत सीमांत क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
श्री बद्रीनाथ कथा महोत्सव में शामिल होते हुए उन्होंने कहा, “यह धाम भारत की सनातन चेतना का केंद्र है, एक जीवंत केंद्र जहाँ वह शाश्वत चेतना जीवित और सदैव विद्यमान रहती है। आज का अवसर इसलिए भी विशेष है क्योंकि हम गुरुदेव शास्त्रीजी महाराज धर्मजीवनदासजी स्वामी की 125वीं जयंती मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बद्रीनाथ पहुंचे हैं। चारधाम यात्रा के द्वितीय चरण का शुभारंभ हो चुका है और इस वर्ष अब तक रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड पहुंचकर चारधामों के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरे के दौरान सीएम धामी बद्रीनाथ के पास बमानी गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक ‘छाछनी’ नृत्य किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, बामणी गांव, चमोली में माँ नंदा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर माँ नंदा से समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं आरोग्यपूर्ण जीवन की कामना की। इस अवसर पर स्थानीय लोगों से आत्मीय भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना।
उन्होंने आगे लिखा कि श्री बदरीनाथ धाम, चमोली में भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। चारधाम यात्रा के द्वितीय चरण का शुभारंभ हो चुका है और इस वर्ष अब तक रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड पहुंचकर चारधामों के दर्शन कर चुके हैं।




