बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी हलचल तेज हो गई है। सभी दल अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। इसी बीच लोक जनशक्ति (रामविलास) पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्षी दलों ने राजद और कांग्रेस पर तीखे हमले बोले हैं।
महुआ विधानसभा सीट से तेज प्रताप यादव द्वारा क्रिकेट स्टेडियम बनाने के वादे पर चिराग पासवान ने कहा, “यह अच्छा विचार है और महत्वाकांक्षा रखना अच्छी बात है। वे मेरे छोटे भाई हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि इस बार उनके लिए वहां से चुनाव जीतना संभव है।”
राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग ने कहा कि “जिस व्यक्ति पर वे आरोप लगा रहे हैं, उन्होंने काफी पहले ही चुनावी तैयारी शुरू कर दी थी और गठबंधन से जुड़ी सभी चिंताओं का समाधान कर लिया था। हम एक मजबूत संयुक्त गठबंधन के रूप में आगे बढ़ रहे हैं।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए चिराग पासवान ने कहा, “मुझे नहीं पता कि राहुल गांधी कहां हैं या क्या कर रहे हैं। जिन्होंने बिहार में SIR मुद्दे पर गंभीरता दिखाई थी, वे अब गायब हैं। अगर राजद जैसी पार्टी अनुशासन नहीं रख पा रही, तो नैतिक जिम्मेदारी राहुल गांधी की बनती है कि वे हस्तक्षेप कर स्थिति संभालें।”
उन्होंने आगे कहा, “छठ महापर्व के साथ-साथ लोकतंत्र का महापर्व भी चल रहा है। छठी मैया का आशीर्वाद एनडीए उम्मीदवारों पर रहेगा और हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे।”
राजद नेता तेजस्वी यादव पर प्रहार करते हुए चिराग बोले, “बिहार ने आपको 15 साल दिए, और उस दौरान आपके परिवार ने केवल राज्य को पीछे धकेला। इसलिए जनता ने अब बदलाव का फैसला कर लिया है।”
मतदान से पहले बड़ा झटका, चिराग पासवान ने मुस्लिम नेता को निकाला!
