भारत और मंगोलिया की सेना आतंकवाद विरोधी अभियानों और सटीक निशानेबाजी के एक विशेष अभ्यास पर ध्यान केंद्रित कर रही है। दोनों देशों की सेना, मंगोलिया में एक संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘नोमैडिक एलीफेंट’ कर रही हैं। दोनों देशों की सैन्य टुकड़ियां यहां सक्रिय रूप से सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान कर रही हैं और अंतर-संचालन क्षमता में सुधार कर रही हैं।
भारत और मंगोलिया के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘नोमैडिक एलीफैंट’ का यह 17वां संस्करण है। रविवार को भी यह सैन्य अभ्यास मंगोलिया के उलानबटोर स्थित स्पेशल फोर्सेस ट्रेनिंग सेंटर में पूरे उत्साह के साथ जारी रहा।
इस दौरान व्यापक प्रशिक्षण गतिविधियां चलाई जा रही हैं, जो आपसी समन्वय और तैयारियों को सुदृढ़ करती हैं। दोनों देशों के सैनिक जटिल भौगोलिक परिस्थितियों में संचालन की रणनीति को निखार रहे हैं। सैन्य अभ्यास का एक प्रमुख आकर्षण संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन का सिमुलेशन है।
इस सिमुलेशन में बहुराष्ट्रीय बलों को वास्तविक-जीवन परिदृश्यों में सहयोग करने की चुनौती दी जा रही है। जैसे-जैसे अभ्यास आगे बढ़ रहा है, दोनों पक्ष विभिन्न सामरिक अभ्यासों में भाग ले रहे हैं। दोनों देश युद्ध अनुभव साझा कर रहे हैं और महत्वपूर्ण जानकारी और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान कर रहे हैं।
यह सहभागिता भविष्य के शांति अभियानों और मानवीय राहत मिशनों में संयुक्त रूप से कार्य करने की क्षमता को मजबूत करती है। सामरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ, ‘नोमैडिक एलीफैंट’ सांस्कृतिक समझ और सैनिकों के बीच भाईचारे को बढ़ावा देने पर भी विशेष बल दे रहा है।
दोनों देशों के सैनिकों ने यहां अपनी सांस्कृतिक विरासत को साझा किया, जिससे मित्रता और आपसी सम्मान की भावना को बल मिला। सेना के मुताबिक यह अभ्यास भविष्य के संयुक्त अभियानों में सुधार के लिए आवश्यक शिक्षाओं को रेखांकित करता है।
‘मछली प्रसादम’ का सालाना आयोजन शुरू, अस्थमा मरीजों की लगी कतारें!
