‘गलत पार्टी में सही व्यक्ति’; राघव चड्ढा समेत 7 राज्यसभा सांसदों ने छोड़ी AAP

भाजपा में विलय का किया ऐलान

‘गलत पार्टी में सही व्यक्ति’; राघव चड्ढा समेत 7 राज्यसभा सांसदों ने छोड़ी AAP

'Right person in the wrong party': Raghav Chadha and 7 Rajya Sabha MPs quit AAP

आम आदमी पार्टी (AAP) में शुक्रवार(24 अप्रैल) को भूचाल आया है। पार्टी के संस्थापक सदस्य और प्रमुख चेहरा रहे राघव चड्ढा ने 6 अन्य राज्यसभा सांसदों के साथ पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के तुरंत बाद, इन सभी सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने और अपने समूह का भाजपा में विलय करने की घोषणा की।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राघव चड्ढा बेहद भावुक और आक्रामक नजर आए। उन्होंने कहा, “जिस ‘आप’ को मैंने 15 साल तक अपने खून से सींचा, वह अपने रास्ते से भटक गई है। अब यह देश के कल्याण के लिए नहीं, बल्कि अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए काम कर रही है… मैं ‘आप’ से दूर जाकर जनता के बीच आ रहा हूँ।”

चड्ढा ने संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ मंच साझा करते हुए स्पष्ट किया कि वे संवैधानिक प्रावधानों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमने फैसला किया है कि राज्यसभा में ‘आप’ के 2/3 सदस्य भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए स्वयं का भाजपा में विलय करते हैं।”

अपनी पुरानी पहचान को याद करते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि राजनीति में आने से पहले वे एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) थे। उनके साथ वैज्ञानिक, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता इस उम्मीद में जुड़े थे कि वे भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाएंगे। उन्होंने कहा, “आज आम आदमी पार्टी छोड़ने वालों में एक विश्व स्तरीय क्रिकेटर, एक पद्म श्री पुरस्कार विजेता और कई सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।”

पार्टी के वर्तमान नेतृत्व पर सीधा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, “मैं इस पार्टी का संस्थापक सदस्य था और शायद मुझसे बेहतर इसे बहुत कम लोग जानते होंगे। लेकिन आज बड़े दुख, दर्द और शर्म के साथ मुझे कहना पड़ रहा है कि जिस पार्टी का गठन भ्रष्टाचार खत्म करने के संकल्प के साथ हुआ था, वह आज भ्रष्ट और समझौतावादी व्यक्तियों के हाथों में पूरी तरह फंस चुकी है।”

चड्ढा ने आगे कहा कि यही कारण है कि हर वह देशभक्त व्यक्ति, जो राष्ट्र की सेवा के लिए ‘आप’ में शामिल हुआ था, वह अब एक-एक करके पार्टी छोड़ रहा है। उन्होंने भाजपा के साथ जुड़ने को अपने राजनीतिक जीवन का एक नया अध्याय बताया और कहा कि वे अब राष्ट्र कल्याण के पथ पर आगे बढ़ेंगे।

आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले राज्यसभा सांसदों में राघव चड्ढा समेत संदीप पाठक (AAP के राष्ट्रीय महासचिव, संगठन), अशोक मित्तल (लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर), स्वाति मालीवाल (DCW की पूर्व प्रमुख), हरभजन सिंह (पूर्व भारतीय क्रिकेटर), विक्रमजीत सिंह साहनी (उद्यमी और परोपकारी), संजीव अरोड़ा (उद्योगपति) भी शामिल है।

इन इस्तीफ़ों और विलय के बाद राज्यसभा में आम आदमी पार्टी की स्थिति बेहद कमजोर हो गई है, जबकि भाजपा ने इसे ‘आप’ के नैतिक पतन की मुहर बताया है।

यह भी पढ़ें:

मुंबई उच्च न्यायलय ने सरकार को दी डंपिंग ग्राउंड को बंद करने की चेतावनी

“4 मई के बाद TMC के गुंडों को छिपने की जगह नहीं मिलेगी’”

सुप्रीम कोर्ट ने की शांतिपूर्ण मतदान और रिकॉर्ड वोटिंग की सराहना

शादी समारोह में ‘नेग’ न देने पर किन्नरों ने की फायरिंग, दूल्हे का भाई गंभीर घायल; 6 आरोपी गिरफ्तार

Exit mobile version