अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले महीने साउथ कोरिया का गुप्त दौरा करने की तैयारी कर रहे हैं। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करना है। तीन वरिष्ठ अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर खुलासा किया कि ट्रंप प्रशासन इस दौरे पर गंभीर चर्चा कर रहा है।
APEC शिखर सम्मेलन साउथ कोरिया के शहर ज्ञानजु में अक्टूबर के अंत और नवंबर की शुरुआत में आयोजित होगा। ट्रंप की आंतरिक टीम इस आयोजन को शी जिनपिंग से आमने-सामने बातचीत के लिए एक अहम मौका मान रही है। हालांकि, अब तक बैठक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पिछले महीने ट्रंप और शी के बीच हुई फोन कॉल में, शी जिनपिंग ने ट्रंप और उनकी पत्नी को चीन आने का निमंत्रण दिया था। ट्रंप ने इसे स्वीकार किया, लेकिन अभी तारीख तय नहीं हो पाई है। वहीं, इस यात्रा के दौरान ट्रंप उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से भी मिल सकते हैं। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता शी जिनपिंग से मुलाकात को दी जा रही है।
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने CNN को बताया, “साउथ कोरिया की यात्रा पर चर्चा चल रही है, जिसमें आर्थिक सहयोग मुख्य फोकस होगा।” ट्रंप इस दौरे को अमेरिका में और अधिक निवेश आकर्षित करने का अवसर मान रहे हैं। इसके साथ ही व्यापार, रक्षा और सिविल न्यूक्लियर सहयोग पर भी वार्ता होने की संभावना है।
हाल ही में साउथ कोरिया के राष्ट्रपति Lee Jae Myung ने ट्रंप को APEC सम्मेलन में आमंत्रित किया था और सुझाव दिया था कि यह मंच किम जोंग उन से मुलाकात के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है। ट्रंप ने खुद कहा, “मैं यह करूंगा और हम बातचीत करेंगे। वह (किम) मुझसे मिलना चाहते हैं। हम संबंध बेहतर बनाएंगे।”
इसी बीच, ट्रंप ने सोशल मीडिया पर शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात पर तीखी टिप्पणी भी की थी। उन्होंने लिखा, “लगता है हमने भारत और रूस को चीन के हवाले कर दिया है। उन्हें लंबा और समृद्ध भविष्य मुबारक।”
जहां एक ओर ट्रंप लगातार दावा करते हैं कि उनकी व्यक्तिगत दोस्ती शी, पुतिन और किम जैसे नेताओं से गहरी है, वहीं दूसरी ओर उनके सार्वजनिक बयान अक्सर तीखे होते हैं। ऐसे में ज्ञानजु में होने वाली मुलाकात अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई दिशा दे सकती है।
यह भी पढ़ें:
सहार एयरपोर्ट और नायर अस्पताल को मिला बम धमकी वाला ईमेल, जांच शुरू
2025 का चंद्रग्रहण: आज रात दिखेगा ‘ब्लड मून’, जानें कब और कहां देखें!
झारखंड: चाईबासा में 10 लाख का इनामी माओवादी ढेर, हथियार बरामद



