LSG की जीत में आयुष बडोनी के योगदान को कम आंका गया: सुनील गावस्कर

LSG की जीत में आयुष बडोनी के योगदान को कम आंका गया: सुनील गावस्कर

Ayush Badoni's contribution to LSG's win was underestimated: Sunil Gavaskar

IPL 2026 में गुरुवार(9 अप्रैल) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला गया। मुकुल चौधरी ने 27 गेंदों पर 7 छक्कों और 1 चौके की मदद से नाबाद 54 रन की पारी खेल LSG को 3 विकेट से जीत दिला दी। महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने कहा है कि LSG की जीत में हमें मुकुल के साथ ही आयुष बडोनी के योगदान को नहीं भूलना चाहिए।

जियोस्टार एक्सपर्ट सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के ‘अमूल क्रिकेट लाइव’ पर कहा, “आयुष बडोनी की 54 रन की पारी को बहुत कम आंका गया है। इसी पारी ने एलएसजी को भरोसा बनाए रखने में मदद की। वह एक बहुत अच्छे ऑल-राउंड क्रिकेटर हैं। वह थोड़ी गेंदबाजी भी कर सकते हैं और एक बहुत अच्छे फील्डर भी हैं। इस सीजन में उन्हें एक इम्पैक्ट सब के तौर पर इस्तेमाल किया गया है। उनका आना और जिस तरह से उन्होंने गेंद को टाइम करना शुरू किया, वह देखना बहुत शानदार था। हां, वह थोड़ा अटक गए क्योंकि सुनील नरेन एक शानदार स्पेल फेंक रहे थे, लेकिन जब वह तेज गेंदबाजों के खिलाफ खेले, तो वह बहुत अच्छे टच में दिखे और उन्हें मैदान के सभी हिस्सों में मारते रहे। जैसे ही उन्होंने अपना हाफ-सेंचुरी बनाया, वह आउट हो गए। यह एलएसजी के लिए एक चिंता की बात रही होगी, लेकिन आपको आयुष बदोनी को श्रेय देना होगा।”

गावस्कर ने कहा, “वह कुछ समय से उनके लिए खेल रहे हैं और घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की कप्तानी कर रहे हैं। इससे उनकी परिपक्वता सामने आ रही है। एलएसजी के नजरिए से, आप अपनी लाइन-अप में ऐसे खिलाड़ी चाहते हैं। आखिर में, आपके टॉप चार या पांच बल्लेबाज आपके अनुभवी इंटरनेशनल खिलाड़ी होते हैं। फिर ये निडर खिलाड़ी आते हैं, जिनसे फर्क लाने की उम्मीद की जाती है। मैच के आखिर में उन्हें ही खेलना होता है।”

LSG की 182 रन के चेज में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे आयुष ने 34 गेंदों पर 2 छक्के और 7 चौकों की मदद से 54 रन बनाए थे।

यह भी पढ़ें:

‘लेबनान में सीजफायर नहीं तो अमेरिका से कोई बातचीत नहीं’

लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित की ब्रिगेडियर पदोन्नति का रास्ता साफ

हिंदू महिला कर्मचारियों से उत्पीड़न, जबरन धर्म परिवर्तन; आसिफ, शाहरुख समेत 6 गिरफ्तार

ईडन गार्डन्स में एक ही रात टूटे कई दिल; मुकुल चौधरी ने KKR से छीन ली जीत

Exit mobile version