अभिनेता सलमान खान से जुड़े चर्चित ब्लैकबक शिकार मामले पर आधारित बताए जा रहे फिल्म प्रोजेक्ट ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म की रिलीज से पहले ही सलमान खान की लीगल टीम ने इसके निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजते हुए फिल्म की रिलीज रोकने और उससे जुड़े सभी प्रचार सामग्री को हटाने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, नोटिस में फिल्म के पोस्टर, प्रमोशनल मटीरियल और अन्य सार्वजनिक प्रचार सामग्री को तत्काल हटाने की बात कही गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मांगों का पालन नहीं किया गया तो आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
इस पूरे विवाद के बीच जानी फायरफॉक्स मीडिया प्राइवेट लिमिटेड ने फिल्म का फर्स्ट-लुक पोस्टर जारी कर दिया है। फिल्म का निर्देशन भरत एस श्रीनेत ने किया है। पोस्टर में एक प्रमुख किरदार को लाल और नीले रंग की पृष्ठभूमि के सामने रहस्यमयी और प्रभावशाली अंदाज में दिखाया गया है, जिससे यह एक सस्पेंस और एक्शन से भरपूर ड्रामा फिल्म प्रतीत होती है।
फिल्म के निर्देशक भरत एस श्रीनेत ने विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “उदयपुर फाइल्स ने लड़ना सिखा दिया है अब डर नहीं लगता।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म वास्तविक जीवन की कानूनी लड़ाइयों और एक्शन से भरपूर घटनाओं से प्रेरित है। उनके अनुसार, फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रस्तुति और तकनीक के साथ तैयार किया गया है। निर्माताओं ने घोषणा की है कि फिल्म का टीजर 20 जून को रिलीज किया जाएगा।
वहीं, कानूनी नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए निर्माता अमित जानी ने आरोप लगाया कि इस कदम का उद्देश्य फिल्म से जुड़े लोगों को डराना और दबाव बनाना है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि “इस नोटिस का मकसद सलमान खान की स्टार पावर का इस्तेमाल करके लोगों पर पीछे हटने का दबाव बनाना है।”
हालांकि, अमित जानी के इन आरोपों पर अभी तक सलमान खान या उनकी कानूनी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि फिल्म का शीर्षक और इसकी कहानी सलमान खान से जुड़े लंबे समय से चल रहे ब्लैकबक शिकार मामले की ओर संकेत करती दिखाई देती है। हालांकि, फिल्म निर्माताओं ने अब तक आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया है कि फिल्म उस मामले पर किस सीमा तक आधारित है। ऐसे में फिल्म की कहानी और उसके वास्तविक घटनाओं से संबंध को लेकर उत्सुकता और विवाद दोनों लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
पीठ-गर्दन में अकड़न और गड़बड़ रहता है पेट? ‘सरलमत्स्यासन’ से मिलेगी राहत!
आसाम: लव जिहाद आरोपी आसिफ की पुलिस एनकाउंटर में मौत ; मर्डर वेपन बरामद करने गई टीम पर चलाई थी गोली
‘तुम बिलकुल पागल हो’ लेबनान में बढ़ते संघर्ष पर ट्रंप की नेतन्याहू से नाराजी
