उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक 60 वर्षीय मौलवी द्वारा 8 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद इस्माइल को गिरफ्तार कर लिया है और उसे सोमवार (23 मार्च) को जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ कानपूर के थाना कल्यानपुर में POCSO (पॉक्सो) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह घटना CCTV फुटेज सामने आने के बाद उजागर हुई।
पीड़िता के पिता के अनुसार, घटना रविवार (22 मार्च) शाम की है, जब बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी मौलवी उसे टॉफी देने के बहाने अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ जबरदस्ती करने और दुष्कर्म का प्रयास किया। बताया गया कि बच्ची ने साहस दिखाते हुए आरोपी को धक्का दिया, जोर-जोर से चिल्लाई और वहां से भागकर अपने घर पहुंची। उसने अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी को सड़क पर कुछ दूरी तक घसीटा और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। बाद में उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पीड़ित बच्ची की पहचान गोपनीय रखी गई है और उसके बयान के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मूल रूप से कानपुर देहात के रूरा रहने वाला है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
