POCSO केस में केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार का बेटा गिरफ्तार

हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद कार्रवाई तेज, परिवार बोला- सरेंडर किया

POCSO केस में केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार का बेटा गिरफ्तार

तेलंगाना में चर्चित POCSO मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी भागीरथ को शनिवार(17 मई) शाम साइबराबाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। यह मामला एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के कथित यौन शोषण से जुड़ा है। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर मंत्री परिवार और पुलिस के दावों में अंतर सामने आया है। परिवार का कहना है कि भागीरथ ने आत्मसमर्पण किया, जबकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह “सरेंडर” नहीं बल्कि गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई थी।

शनिवार को मंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में बंदी संजय कुमार ने कहा, “आज मैंने अपने बेटे बंदी भगीरथ को जांच के लिए एक वकील के माध्यम से पुलिस को सौंप दिया है… मैं न्यायपालिका का पूरा सम्मान करता हूं।” बयान में उन्होंने यह भी कहा कि उनका बेटा खुद को निर्दोष बता रहा है और सबूतों की समीक्षा के बाद कानूनी टीम ने पहले जमानत लेने की सलाह दी थी, जिसके कारण कुछ देरी हुई।

दूसरी ओर, साइबराबाद पुलिस कमिश्नर रमेश ने मंत्री के दावे को खारिज करते हुए कहा, “यह आत्मसमर्पण नहीं था।” पुलिस के अनुसार, भागीरथ को हैदराबाद के बाहरी इलाके से पकड़ा गया और बाद में उसे पेटबशीराबाद पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

इससे कुछ घंटे पहले ही तेलंगाना हाईकोर्ट ने बंदी भागीरथ की अग्रिम जमानत याचिका पर अंतरिम संरक्षण देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश और तेज कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, 8 मई को पेटबशीराबाद थाने में FIR दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित की थीं। आरोपी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया था। दिल्ली, करीमनगर और अन्य स्थानों पर कॉल डेटा रिकॉर्ड और तकनीकी इनपुट के आधार पर तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस का कहना है कि भागीरथ को पहले भी पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन वह पेश नहीं हुआ।

यह मामला अब तेलंगाना की राजनीति में बड़ा विवाद बन चुका है। विपक्षी दलों, महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किए हैं। शिकायतकर्ता लड़की की मां ने आरोप लगाया है कि भागीरथ ने शादी का झांसा देकर उनकी बेटी का कई महीनों तक भावनात्मक और यौन शोषण किया। परिवार ने डराने-धमकाने के आरोप भी लगाए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट की सख्त धाराएं लगाई हैं। वहीं, बंदी भागीरथ के पक्ष ने इन आरोपों को  वसूली और हनीट्रैप से जुड़ा मामला बताया है। केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने मीडिया में उनके व्यक्तिगत नाम को मामले से जोड़ने वाली सामग्री हटाने की मांग भी की है।

यह भी पढ़ें:

“जोड़ों के दर्द और अकड़न से राहत दिलाएंगे ये असरदार योगासन आज”!

किशोरावस्था: जीवन का सबसे अहम पड़ाव, सही मार्गदर्शन से ही बनता है स्वस्थ भविष्य!

21 साल में 13 गुना बढ़ा ब्रिक्स व्यापार, आंकड़ा पहुंचा 1.17 ट्रिलियन डॉलर!

Exit mobile version