ब्रिटेन में भारतीय मूल के और हरियाणा से संबंध रखने वाले 23 वर्षीय पार्षद तुषार कुमार ने इतिहास रच दिया है। तुषार ब्रिटेन में भारतीय मूल के सबसे युवा मेयर बन गए हैं। उन्हें एल्स्ट्री और बोरेहमवुड का मेयर नियुक्त किया गया है। 13 मई को फेयरवे हॉल में आयोजित मेयर-निर्वाचन समारोह के दौरान तुषार कुमार ने आधिकारिक रूप से मेयर पद की शपथ ली। इस कार्यक्रम में कई पार्षद, सामाजिक नेता, विभिन्न सामुदायिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, परिवारजन और मित्र शामिल हुए।
समारोह के बाद तुषार कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “एल्स्ट्री और बोरेहमवुड का मेयर बनना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। 23 वर्ष की आयु में ब्रिटेन के इतिहास में भारतीय मूल का सबसे युवा मेयर बनना अविश्वसनीय लगता है। किंग्स कॉलेज लंदन में पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई करने से लेकर अब अपने प्रिय शहर की सेवा करने तक का यह सफर किसी सपने जैसा है।”
अपने संबोधन में तुषार कुमार ने बताया कि जब वह 20 वर्ष के थे और किंग्स कॉलेज लंदन में राजनीति विज्ञान की पढ़ाई कर रहे थे, तभी पहली बार पार्षद चुने गए थे।
‘लंदन डेली’ की रिपोर्ट के अनुसार, तुषार ने कहा कि इतनी कम उम्र में मेयर बनना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे अधिक से अधिक युवा स्थानीय लोकतंत्र, समाज सेवा और सामुदायिक कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित होंगे।
तुषार कुमार ने पूर्व मेयर काउंसिलर डैन ओजारो का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उप-मेयर के रूप में कार्य करते समय डैन ओजारो से उन्हें भरपूर सहयोग और मार्गदर्शन मिला। साथ ही उन्होंने काउंसिलर लिंडा स्मिथ को नए उप-मेयर पद पर नियुक्त होने की बधाई देते हुए कहा कि वह उनके साथ मिलकर क्षेत्र की सेवा करने के लिए उत्साहित हैं।
अपने राजनीतिक सफर में लगातार साथ देने के लिए तुषार कुमार ने अपने परिवार और मित्रों का भी धन्यवाद किया। भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह लोगों के बीच रहने वाले मेयर बनना चाहते हैं और एल्स्ट्री व बोरेहमवुड के नागरिकों तथा स्थानीय संस्थाओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर देंगे। उन्होंने कहा, “जिस शहर से मैं प्रेम करता हूं, उसकी सेवा करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है।”
महज 23 वर्ष की आयु में मेयर पद संभालने के कारण तुषार कुमार की उपलब्धि की व्यापक चर्चा हो रही है।
यह भी पढ़ें:
फाल्टा उपचुनाव से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने हटाया नाम
अभिषेक बनर्जी की मां को अवैध निर्माण के लिए KMC का नोटिस
सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में मिला धामन सांप, ‘घोड़ा पछाड़’ नाम से मशहूर!
