अमेरिकन नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक, कद्दू के बीजों में काफी मात्रा में फाइबर होता है, जो पाचन क्रिया को ठीक करता है और आंतों में कोलेस्ट्रॉल के अवशोषण को कम करता है।
कद्दू के बीज सिर्फ कोलेस्ट्रॉल कम करने में ही नहीं, बल्कि पूरे दिल की सेहत के लिए भी लाभकारी होते हैं। इनमें मैग्नीशियम नामक तत्व होता है, जो रक्त नलिकाओं को आराम देता है और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है। साथ ही, कद्दू के बीजों में एंटीऑक्सिडेंट्स भी होते हैं, जो शरीर में सूजन को कम करते हैं और दिल के स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं।
इसके अलावा, यह बीज मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अच्छे माने जाते हैं। कद्दू के बीजों में ट्रिप्टोफैन नामक अमीनो एसिड होता है, जो शरीर में जाकर सेरोटोनिन नामक रसायन में बदल जाता है। सेरोटोनिन अच्छी नींद लाने में मदद करता है और तनाव भी कम होता है।
कद्दू के बीजों में जिंक भी होता है, जो हमारी रोग-प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाता है। इससे शरीर बीमारियों से लड़ने में सक्षम रहता है। खासकर पुरुषों के लिए यह बीज और भी ज्यादा फायदेमंद हैं क्योंकि इनमें मौजूद जिंक और अन्य पोषक तत्व प्रोस्टेट ग्लैंड की देखभाल करते हैं। इससे प्रोस्टेट की बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।
कद्दू के बीजों में विटामिन ई और कैरोटेनॉयड जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट्स भी पाए जाते हैं, जो शरीर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं। यह हमारे शरीर की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को भी धीमा कर सकते हैं।
कद्दू के बीज खाने का तरीका भी बहुत आसान है। आप इन्हें हल्का भूनकर सीधे नाश्ते में खा सकते हैं या फिर सलाद, दही, स्मूदी आदि में मिला सकते हैं।
इस तरह, कद्दू के बीज एक सस्ता और प्राकृतिक उपाय है, जो आपकी सेहत को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। यह न सिर्फ आपके कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करता है, बल्कि आपकी पूरी बॉडी को अंदर से मजबूत बनाता है। इसलिए, आज ही अपनी डाइट में कद्दू के बीज शामिल करें और स्वस्थ जीवन की ओर एक कदम बढ़ाएं।
