कुक्कुटासन, जिसे ‘मुर्गा आसन’ भी कहा जाता है, हठ योग की एक प्रभावशाली मुद्रा है जो न सिर्फ शरीर की चर्बी घटाने में सहायक है, बल्कि संतुलन, ताकत और मानसिक एकाग्रता को भी बेहतर बनाती है। आयुष मंत्रालय और योग विशेषज्ञों के अनुसार, यह आसन शरीर के ऊपरी हिस्से—विशेष रूप से बाहों, कंधों, कोर मसल्स और रीढ़ की हड्डी—को मजबूत बनाता है और पाचन क्रिया को बेहतर करता है।
‘कुक्कुट’ का संस्कृत में अर्थ होता है ‘मुर्गा’, और इस आसन में शरीर की मुद्रा भी उसी तरह दिखाई देती है। यह एक संतुलनात्मक योग मुद्रा है, जिसमें शरीर का पूरा वजन बाहों पर होता है, और पैरों को पद्मासन में रखकर उन्हें ऊपर उठाया जाता है।
कुक्कुटासन करने के लिए सबसे पहले पद्मासन की मुद्रा में बैठना होता है। इसके बाद दोनों हाथों को जांघ और पिंडलियों के बीच से निकालते हुए हथेलियों को ज़मीन पर टिकाया जाता है। फिर हथेलियों के सहारे शरीर को धीरे-धीरे ऊपर उठाया जाता है, ताकि पूरा वजन बाहों पर आ जाए। इस अवस्था में शरीर को संतुलित रखते हुए कुछ क्षण ठहरना चाहिए और फिर धीरे-धीरे प्रारंभिक स्थिति में वापस आ जाना चाहिए।
इस योगासन के नियमित अभ्यास से कई लाभ होते हैं। यह पेट की चर्बी कम करने में मदद करता है और बाहों, कंधों व कलाई की मांसपेशियों को मज़बूत बनाता है। साथ ही यह पाचन तंत्र को सुधारता है, रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाए रखता है और शरीर में रक्त संचार को बेहतर करता है। मानसिक रूप से यह एकाग्रता और ध्यान को बढ़ाता है और तनाव व चिंता को कम करने में सहायक होता है।
हालांकि कुक्कुटासन को करते समय कुछ सावधानियां भी ज़रूरी हैं। अभ्यास से पहले शरीर का वार्मअप करना चाहिए। अगर कलाई, कंधे या कोहनी में दर्द या चोट हो तो यह आसन नहीं करना चाहिए। गर्भवती महिलाओं और हृदय रोग या उच्च रक्तचाप से पीड़ित लोगों को भी इससे बचना चाहिए। शुरुआती लोगों को यह अभ्यास किसी प्रशिक्षित योग गुरु की देखरेख में करना चाहिए और आसन के दौरान सांस को सामान्य रखते हुए शरीर पर ज़रूरत से ज़्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए।
कुल मिलाकर, कुक्कुटासन एक शक्तिशाली और संतुलन पर आधारित योग मुद्रा है, जो शरीर और मन दोनों को मजबूती देने में मदद करती है। हालांकि इसे सीखने में समय लग सकता है, लेकिन नियमित अभ्यास से यह कई स्वास्थ्य समस्याओं में राहत देने वाला सिद्ध हो सकता है।
यह भी पढ़ें:
IMF ने UPI को बताया बदलाव की अगुवाई करने वाला मॉडल!
सावन का पहला दिन: सीएम योगी ने किया रुद्राभिषेक, प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना
यूएई से भारत लाया गया नारकोटिक्स केस का प्रमुख आरोपी मुस्तफा कुब्बावाला!



