बेंगलुरु में सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए बनाई जा रही एक रील ने पूरे परिवार को पुलिस स्टेशन तक पहुंचा दिया। एक लाड़ली बिटिया ने अपने ही बुजुर्ग पिता को बोरे में बंद कर ‘कूरियर’ करने की कोशिश की, जिसे देखकर कूरियर कर्मचारियों के होश उड़ गए।
मामला बेंगलुरु के व्यालिकावल थाना क्षेत्र के एक कूरियर कार्यालय का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, महिला अपने परिवार के साथ एक बड़ा बोरा लेकर कूरियर ऑफिस पहुंची और उसे भेजने की मांग करने लगी। कर्मचारियों को उनके व्यवहार पर शक हुआ, क्योंकि परिवार बोरे के अंदर क्या है, इसका स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा था।
संदेह होने पर जब कर्मचारियों ने पैकेट की जांच की, तो उनके सामने हैरान कर देने वाला दृश्य था। बोरे के अंदर एक बुजुर्ग व्यक्ति बंद था, जो घुटन के कारण परेशान नजर आ रहा था और सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग सन्न रह गए।
पूछताछ में परिवार ने दावा किया कि यह सब एक सोशल मीडिया वीडियो के लिए किया जा रहा था। उनका कहना था कि यह आइडिया त्योहारों जैसे उगाडी और रमजान के दौरान यात्रा की समस्याओं को दिखाने के लिए था, जब बसों में टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। उनके मुताबिक, यह एक “मजाकिया कॉन्सेप्ट” था जिसमें ‘आखिरी विकल्प’ के रूप में इंसान को कूरियर करने की कल्पना दिखाई गई थी।
We live in a weird weird world. Daughter & family pack father in a gunny bag,take him to a courier office,ask staff to send parcel out of Bengaluru, all this for a reel showing it's easier to courier a man than get bus & train tickets this festive season. Land in police station. pic.twitter.com/ROz2SWjFpT
— Deepak Bopanna (@dpkBopanna) March 17, 2026
हालांकि, कर्मचारियों ने इस तर्क को खारिज कर दिया और जब परिवार ने फिर भी पार्सल स्वीकार करने पर जोर दिया, तो मामला और गंभीर हो गया। स्थिति को देखते हुए कूरियर स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ के दौरान परिवार ने अपनी गलती स्वीकार की। पुलिस स्टेशन में ही उन्होंने एक माफी वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने माना कि उनका यह कदम गैर-जिम्मेदाराना और खतरनाक था।
पुलिस अधिकारियों ने सख्त चेतावनी देने के बाद परिवार को बिना किसी औपचारिक मामला दर्ज किए छोड़ दिया। हालांकि, इस घटना ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी है। कई लोग वायरल होने की होड़ में इस तरह के खतरनाक स्टंट करने की प्रवृत्ति पर चिंता जता रहे हैं।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि क्या सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लए लोग अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
मध्य प्रदेश: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 44 हजार जोड़े जल्द शादी के बंधन में बंधेंगे!
बंगाल चुनाव 2026: बनगांव सीटों पर घमासान, टीएमसी गढ़ पर भारतीय जनता पार्टी की नजर!
चुनाव में सुवेंदु अधिकारी एक बार फिर ममता बनर्जी को हराएंगे: समिक भट्टाचार्य!
