बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियाँ अब अंतिम चरण में पहुँच गई हैं। पटना में रविवार (5 अक्टूबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया 22 नवंबर से पहले पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग सभी जिलों में तैयारियों की गहन समीक्षा कर रहा है और चुनाव की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। ज्ञानेश कुमार ने कहा कि इस बार चुनाव प्रक्रिया को और पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के लिए कई अहम बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया, “किसी भी मतदान केंद्र में 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। यह व्यवस्था सिर्फ बिहार में नहीं, बल्कि पूरे देश में लागू की जा रही है, ताकि मतदाताओं को अधिक भीड़ का सामना न करना पड़े।”
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बिहार के मतदाताओं से उत्साहपूर्वक मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं बिहार के सभी मतदाताओं से यह आह्वान करता हूं कि जिस तरह हम अपने त्योहारों को उल्लास और श्रद्धा से मनाते हैं, उसी तरह से लोकतंत्र के चुनाव के इस महापर्व को भी उत्सव की तरह मनाएं। अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, जिम्मेदारी निभाएं और मतदान अवश्य करें।”
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि हाल ही में बिहार में मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य किया गया और हमारे सामने उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों ने न केवल अपने बूथों पर मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य किया बल्कि बिहार के 90,217 बूथ लेवल अधिकारियों ने एक ऐसा कार्य किया जो पूरे देश में अनुकरणीय है…”
CEC ने बताया कि आयोग ने राज्य में निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की पर्याप्त तैनाती का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसके अलावा, सभी संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी के लिए भी विशेष टीम बनाई जा रही है, ताकि फेक न्यूज़ या अफवाहों के जरिए मतदाताओं को प्रभावित न किया जा सके।
ज्ञानेश कुमार ने यह भी बताया कि दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर से मतदान (postal ballot) की सुविधा इस बार और अधिक सुगम की जाएगी। आयोग का लक्ष्य है कि हर मतदाता को मतदान का अधिकार “सुरक्षित, सहज और सम्मानजनक माहौल” में मिल सके।
बिहार में 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 7.4 करोड़ है। आयोग आने वाले दिनों में चुनाव की तारीखों की आधिकारिक घोषणा करेगा, जिससे राज्य में राजनीतिक गतिविधियाँ और तेज़ होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:
अमेरिकी अदालत ने ट्रंप के पोर्टलैंड में नेशनल गार्ड भेजने के आदेश पर लगाई रोक
गडचिरोली: जांभुलखेडा नक्सली हमले के चार आरोपियों पर आरोप तय, जल्द शुरू होगा ट्रायल
MP में सरकार एक्शन मोड में, उज्जैन-जबलपुर समेत कई शहरों में ड्रग इंस्पेक्टर्स की छापेमारी!



