पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब का पूरा नेतृत्व मिलकर काम कर रहा है। हमारा एक ही नारा, ‘सबका साथ, सबका विकास’ का है।
ढिल्लों ने मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा, “उनका मुख्य ध्यान गरीबों को मुफ्त आवास, शौचालय निर्माण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर है। वे प्रगतिशील सोच के साथ काम कर रहे हैं।”
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने कहा, “मोदी सरकार ने 12 साल पूरे कर लिए हैं। इन 12 सालों में एक भी ऐसा मामला नहीं है जिसमें भ्रष्टाचार का आरोप साबित हुआ हो। यह एक भ्रष्टाचार-मुक्त सरकार है। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत आगे बढ़ रहा है, जबकि कई देश पीछे जा रहे हैं।”
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने कहा, “पीएम मोदी जिस तरीके से देश को आगे ले जा रहे हैं, उनकी लोकप्रियता समय के साथ बढ़ती ही जा रही है। वैश्विक तनाव के बावजूद हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में उनके प्रयासों की देश-विदेश में सराहना हो रही है।”
जदयू नेता हरि नारायण सिंह ने भाजपा की संगठनात्मक क्षमता की तारीफ की। उन्होंने कहा, “भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है। उसके संगठन और सरकार का करीब 73 प्रतिशत आबादी पर प्रभाव बढ़ गया है। भाजपा में संगठन और मंत्रिमंडल में नियमित बदलाव होते रहते हैं।
नेताओं ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। गरीब कल्याण योजनाओं, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत अभियान जैसे कार्यक्रमों ने आम जनता के जीवन को बेहतर बनाया है।
