कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात

कार्नी 27 फरवरी से 2 मार्च तक भारत के आधिकारिक दौरे पर

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात

Canadian Prime Minister Mark Carney meets Prime Minister Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार(2 मार्च) को राष्ट्रीय राजधानी में अपने कनाडाई समकक्ष मार्क जे कार्नी से मुलाकात की। दोनों नेता हैदराबाद हाउस में मिले और इसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता निर्धारित है। सोमवार (2 मार्च) को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से उनकी आधिकारिक यात्रा के तहत मुलाकात की और दोनों देशों के बीच भविष्य की साझेदारी को आगे बढ़ाने की उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

एक्स पर किए गए एक पोस्ट में जयशंकर ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री कार्नी से मिलकर उन्हें प्रसन्नता हुई। उन्होंने लिखा, “आज सुबह नई दिल्ली में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क जे कार्नी से मिलकर खुशी हुई। भविष्य की साझेदारी को सुदृढ़ करने की उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करता हूं।”

कनाडा के प्रधानमंत्री रविवार (1 मार्च)शाम मुंबई दौरे के बाद राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे, जो उनके भारत दौरे के अगले चरण का हिस्सा है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। रविवार शाम जयशंकर ने अपनी कनाडाई समकक्ष अनीता आनंद से भी मुलाकात की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर कार्नी 27 फरवरी से 2 मार्च तक भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। यह उनका पहला आधिकारिक भारत दौरा है, जो 27 फरवरी को मुंबई आगमन से शुरू हुआ। आज हैदराबाद हाउस में होने वाली उच्चस्तरीय वार्ता में दोनों प्रधानमंत्री भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। जून 2025 में कनानास्किस (G7 शिखर सम्मेलन) और नवंबर 2025 में जोहान्सबर्ग (G20 शिखर सम्मेलन) में हुई पिछली बैठकों के आधार पर, दोनों नेता व्यापार और निवेश, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि, शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार तथा जन-से-जन संबंधों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में जारी सहयोग की समीक्षा करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। औपचारिक वार्ता के अतिरिक्त, प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री कार्नी भारत-कनाडा सीईओ फोरम में भी भाग लेंगे। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत-कनाडा द्विपक्षीय संबंधों के सामान्यीकरण की प्रक्रिया जारी है, और सोमवार की वार्ता में दोनों देशों के परस्पर हितों से जुड़े प्रमुख रणनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें:

खामनेई के बाद अब इजरायल का अगला निशाना हिजबुल्लाह प्रमुख

यूएई व जॉर्डन में हुए हमलों पर ईरान के राजदूत किए गए तलब!

ईरान-अमेरिका तनाव पर पीएम मोदी बोले, भारत शांति का पक्षधर! 

पश्चिमी एशिया के युद्ध पर प्रधानमंत्री मोदी का रुख

Exit mobile version