मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस बजट के माध्यम से केंद्र सरकार की ओर से देश के विकास की गति को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
नीतीश कुमार ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए लिखा, “इस बार केंद्रीय बजट में देश में 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा की गई है। इसमें वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनने से बिहार को भी काफी फायदा होगा। साथ ही बजट में देश भर में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग बनाने की घोषणा की गई है। इसके तहत पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में देश भर में बड़े टेक्सटाइल पार्क और महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना की घोषणा की गई है। साथ ही, बजट में सेमीकंडक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपए के सपोर्ट का ऐलान किया गया है। इससे बिहार सहित देश भर के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और देश का आर्थिक विकास और तीव्र गति से हो सकेगा।
उन्होंने लिखा, “केंद्रीय बजट में घोषणा की गई है कि विकास और रोजगार के अवसरों में तेजी लाने के लिए पूर्वोदय राज्यों और उत्तर-पूर्व क्षेत्र पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इससे जुड़ी विकास की योजनाओं से बिहार को औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना और युवाओं के लिए अधिक रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।”
मुख्यमंत्री ने बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट में शहरों के विकास के लिए किए गए प्रावधानों से बिहार में शहरीकरण को नई गति मिलेगी। इससे राज्य के शहरों में आधारभूत संरचना, निवेश और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा।
विकसित भारत 2047 लक्ष्य हेतु ठोस कदम है केंद्रीय बजट: बाबूलाल मरांडी!



