IPL 2026 में लगातार चार जीत के साथ शानदार प्रदर्शन कर रही राजस्थान रॉयल्स अब एक नए विवाद में घिर गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए हालिया मुकाबले के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें टीम के मैनेजर रोमी भिंडर को डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए देखा गया, वहीं वैभव सूर्यवंशी की ओर घूमते कैमरा ने उन्हें मोबाईल में झांकते हुए कैद कर लिया।
यह घटना राजस्थान की 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते समय 11वें ओवर के दौरान कैमरे में कैद हुई। वीडियो में रोमी भिंडर के पास बैठे खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को भी मोबाइल स्क्रीन की ओर देखते हुए देखा गया। इसे IPL नियमों के संभावित उल्लंघन के रूप में देखा जा रहा है।
आईपीएल के प्लेयर्स एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया (PMOA) प्रोटोकॉल के अनुसार, “PMOA में मोबाइल फ़ोन और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन डिवाइस इस्तेमाल करने की इजाज़त नहीं है।” इस क्षेत्र में ड्रेसिंग रूम, डगआउट, मैच रेफरी कक्ष और अन्य निर्दिष्ट स्थान शामिल होते हैं।
नियमों के मुताबिक, टीम मैनेजर को केवल ड्रेसिंग रूम क्षेत्र में ही मोबाइल उपयोग की अनुमति होती है, जबकि डगआउट में इसका इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है। हालांकि, टीम एनालिस्ट को विशेष रूप से निर्धारित टेबल पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग की अनुमति दी जाती है।
इन नियमों के अनुपालन की निगरानी बीसीसीआई की एंटी-करप्शन और सिक्योरिटी यूनिट द्वारा नियुक्त अधिकारियों के जिम्मे होती है। दिशा-निर्देशों के अनुसार, खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को स्टेडियम पहुंचने पर अपने मोबाइल, स्मार्टवॉच और अन्य संचार उपकरण टीम सिक्योरिटी लायजन ऑफिसर (SLO) के पास जमा कराने होते हैं।
इस पूरे मामले पर पूर्व आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “डगआउट में मोबाइल फ़ोन रखना बिल्कुल मना है। क्या यह सच में हुआ? मुझे उम्मीद है कि ऐसा नहीं हुआ होगा। अगर ऐसा हुआ है, तो IPL गवर्निंग काउंसिल को तुरंत एक्शन लेना चाहिए।”
This is COMPLETELY A NO NO. WHERE WAS ANTI CORRUPTION 😳 https://t.co/6za4cvc6gm
— Lalit Kumar Modi (@LalitKModi) April 11, 2026
ललित मोदी ने एंटी-करप्शन अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए इस घटना को गंभीर बताया और तत्काल जांच की मांग की।
फिलहाल राजस्थान रॉयल्स की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, यह विवाद टीम के मैदान पर शानदार प्रदर्शन के दौरान आया है, जिससे इस घटना ने क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है। यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो टीम और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है, जो टूर्नामेंट के आगे के मुकाबलों पर भी असर डाल सकती है।
यह भी पढ़ें:
उत्तर प्रदेश SIR प्रक्रिया में दो करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटे
ईरान-अमेरिका शांति वार्ता विफल, 21 घंटे की बातचीत बेनतीजा
शांति वार्ता की विफलता के लिए ईरान ने अमेरिका को ठहराया जिम्मेदार



