बहुचर्चित और बहुप्रतीक्षित फीफा विश्व कप 2026 का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। भले ही भारतीय टीम इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं है, लेकिन देश में इस प्रतियोगिता को लेकर उत्सुकता चरम पर है। देश में इस टूर्नामेंट के प्रसारण पर लंबे समय से अनिश्चितता के बादल छाए हुए थे, लेकिन 2026 फीफा विश्व कप शुरू होने से ठीक कुछ दिन पहले, ज़ी एंटरटेनमेंट को भारत में इस टूर्नामेंट का आधिकारिक प्रसारक घोषित किया गया, जिससे देश में इस प्रतियोगिता के टेलीविजन और स्ट्रीमिंग माध्यमों को लेकर चल रहीं अटकलों पर विराम लग गया।
इस समझौते के तहत, ‘ज़ी’ ने 2034 तक के 38 अन्य फीफा टूर्नामेंटों के अधिकार भी हासिल कर लिए हैं, जिससे अगले दशक में अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल प्रसारण क्षेत्र में उसकी स्थिति काफी मजबूत होने वाली है। इन अधिकारों को हासिल करने के साथ ही, नेटवर्क ने अपने स्पोर्ट्स पोर्टफोलियो को मजबूत और व्यापक बनाने की रणनीति के तहत चार नए स्पोर्ट्स चैनलों – यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 (Unite8 Sports 1), यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 एचडी, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 एचडी का अनावरण किया है। ज़ी का ऑनलाइन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म, ज़ी5 (Zee5), विश्व कप का प्रसारण दो योजनाओं (Plans) के तहत उपलब्ध कराएगा। एक प्लान तीन महीने के लिए 799 रुपये का और दूसरा एक साल के लिए 1699 रुपये का है।
लेकिन अगर आपके पास ज़ी चैनल्स या ज़ी5 उपलब्ध नहीं हैं तो? चिंता न करें, दूरदर्शन स्पोर्ट्स आपकी मदद के लिए तैयार है। डीडी ने घोषणा की है कि टूर्नामेंट के दौरान चुनिंदा मैचों का सीधा प्रसारण उनके स्पोर्ट्स चैनल पर किया जाएगा।
डीडी स्पोर्ट्स 11 जून को मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले उद्घाटन मैच का प्रसारण करेगा, जो भारत में 12 जून को मध्यरात्रि 12:30 बजे प्रसारित किया जाएगा। इसके बाद, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच डीडी फ्री डिश पर उपलब्ध होंगे। क्वार्टर फाइनल मैच 9, 10 और 11 जुलाई को खेले जाएंगे। सेमीफाइनल 14 और 15 जुलाई को होगा और फाइनल मैच 19 जुलाई को खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें:
ममता को झटका; राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक का इस्तीफा
मणिपुर: लापता हुए नागा समुदाय के छह लोगों के शव मिले
केरल में फिर आया निपाह वायरस; कोझिकोड में संदिग्ध मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर



