घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम, सेना ने मार गिराया लश्कर आतंकी

पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में मुठभेड़ जारी; अंधेरे का फायदा उठाकर घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे आतंकवादी

घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम, सेना ने मार गिराया लश्कर आतंकी

Major infiltration bid foiled, Lashkar terrorist killed by Army

जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारतीय सेना ने मंगलवार(12 मई) को एक बड़ी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। सेना ने पुंछ जिले के मेंढर क्षेत्र में चलाए गए ऑपरेशन के दौरान एक संदिग्ध आतंकवादी को मार गिराया। मुठभेड़ अभी भी जारी है और पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। भारतीय सेना की सतर्क टुकड़ियों ने देर रात कृष्णा घाटी सेक्टर में संदिग्ध गतिविधियां देखीं। बताया गया कि भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों का एक समूह अंधेरे का फायदा उठाकर LoC पार करने की कोशिश कर रहा था।

सेना ने जब घुसपैठियों को चुनौती दी, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सेना ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे इलाके में भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई।

सूत्रों के अनुसार, मारे गए आतंकी का संबंध पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से बताया जा रहा है। आतंकवादी कथित तौर पर मेंढर के मनकोट इलाके में स्थित बिच्छो पोस्ट के पास भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा था।

हालांकि मुठभेड़ जारी होने के कारण अब तक आतंकी का शव बरामद नहीं किया जा सका है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बाकी घुसपैठिए फायरिंग के बाद वापस पाकिस्तानी सीमा की ओर भाग गए।

सेना ने पूरे इलाके को घेर लिया है और अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। भारतीय सेना ने बयान जारी करते हुए कहा, “सैनिक इलाके में अपना दबदबा बनाए हुए हैं और पूरे सेक्टर में ऑपरेशनल तैयारी का हाई लेवल बनाए हुए हैं।”

घुसपैठियों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सेना जंगल वाले इलाकों में निगरानी के लिए ड्रोन और आधुनिक सर्विलांस उपकरणों का इस्तेमाल कर रही है ताकि कोई भी आतंकी भारतीय सीमा में दाखिल न हो सके।

हाल के महीनों में LoC पर घुसपैठ की कोशिशों में बढ़ोतरी देखी गई है। भारतीय सेना लगातार सीमा पार से होने वाली आतंकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील सेक्टरों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

यह भी पढ़ें:

NEET पेपर लीक: गुरुग्राम के डॉक्टर से 30 लाख में खरीदा गया पेपर, राजस्थान से दो भाई गिरफ्तार

निदा खान को पनाह देने वाले AIMIM पार्षद मतीन पटेल के घर, ऑफिस और दुकानों पर चला बुलडोजर

ईरान-अमेरिका युद्ध का असर: एयर इंडिया जून से बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें करेगी रद्द

Exit mobile version