मंजुला ने बाजार में मिलने वाले आम मसालों से अलग, गुणवत्ता और शुद्धता पर सबसे ज्यादा जोर दिया है। उनकी यूनिट में हल्दी, मिर्च, धनिया और गरम मसाले पीसने के लिए अलग-अलग मशीनें लगी हैं। आज वे शुद्ध मसाले सिलाव के गांवों से निकलकर राजगीर के नामी होटलों और मॉल तक अपनी महक बिखेर रही हैं।
मंजुला ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि वह पहले से ही हल्दी का छोटा व्यवसाय करती थीं, लेकिन मांग पूरी नहीं कर पा रही थीं। इसी बीच जीविका के माध्यम से उन्हें सरकार की पीएमएफएमई (प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन) योजना की जानकारी मिली।
उन्होंने बताया, “आमतौर पर लोग एक ही मशीन में सारे मसाले पीस देते हैं, लेकिन हमारी हल्दी की मशीन बिल्कुल अलग है। उसमें सिर्फ हल्दी ही पीसी जाती है, ताकि ग्राहकों को शत-प्रतिशत शुद्धता मिल सके। हमारे यहां खड़ा और पिसा हुआ, दोनों तरह का मसाला तैयार होता है। हम हल्दी के साथ-साथ अन्य मसालों जैसे मिर्च, धनिया, जीरा, गोलकी और कई तरह के गरम और सब्जी मसालों को तैयार करते हैं।”
शुरुआत में माल बेचने में आई कठिनाई को मंजुला ने एक शानदार रणनीति से सुलझाया। उन्होंने हर गांव में अपना एक स्टाफ (जीविका से जुड़ी महिलाएं) रखा, जो डिमांड लेती हैं और सप्लाई करती हैं। वर्तमान में उनके साथ डिस्ट्रीब्यूशन के काम में 30 लोग जुड़े हैं।
इस सफलता से उत्साहित मंजुला कुमारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष आभार जताती हैं। वे बताती हैं कि इस योजना के तहत उन्हें लगभग ढाई लाख रुपए की अनुदान (सब्सिडी) राशि भी प्राप्त हुई है। खुद को पीएम मोदी की बहुत बड़ी प्रशंसक बताते हुए मंजुला कहती हैं, “मेरी बस एक ही इच्छा है कि मुझे जीवन में कम से कम एक बार प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर मिले।”
ओडिशा की अंजलि मुंडा ने ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ में जीता स्वर्ण पदक!



