अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता ठप होने के बीच, अमेरिकी विदेश विभाग ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) की वित्तीय व्यवस्था को बाधित करने में मदद करने वाली जानकारी देने वालों के लिए 15 मिलियन डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है। यह इनाम विदेश विभाग के ‘रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस’ कार्यक्रम के तहत दिया जाएगा। यह घोषणा ऐसे समय में की गई है, जब ट्रंप प्रशासन ईरान की आर्थिक पकड़ को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है।
यह इनाम उन लोगों को दिया जाएगा जो IRGC, IRGC-कुद्स फोर्स, उसकी शाखाओं या उसके प्रमुख वित्तीय नेटवर्क के राजस्व स्रोतों के बारे में जानकारी देंगे। इसमें फर्जी कंपनियां, प्रतिबंधों से बचने में IRGC की मदद करने वाले व्यक्ति और उनके साथ कारोबार करने वाले वित्तीय संस्थान शामिल हैं।
अमेरिकी विदेश विभाग यह भी जानकारी जुटाना चाहता है कि आईआरजीसी अपने आतंकवादी और मिलिशिया सहयोगियों तथा साझेदारों को धन और संसाधन किस प्रकार हस्तांतरित कर रहा है।
अमेरिका के साथ वार्ता में गतिरोध के बीच, ईरान के प्रमुख वार्ताकार और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने चेतावनी दी है कि तेहरान हर विकल्प के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “हमारे सशस्त्र बल किसी भी आक्रमण का ऐसा जवाब देने के लिए तैयार हैं, जो सबक सिखाने वाला होगा। गलत आकलन और गलत निर्णयों की नीति हमेशा गलत परिणाम देती है, यह अब पूरी दुनिया समझ चुकी है। हम हर विकल्प के लिए तैयार हैं। उन्हें आश्चर्य होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि “इस महीने की शुरुआत में ईरान द्वारा प्रस्तुत 14-सूत्रीय प्रस्ताव में उल्लेखित ईरानी जनता के अधिकारों को स्वीकार करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।”
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और ईरान के बीच एक महीने से जारी युद्धविराम को “बेहद नाजुक स्थिति” में बताया है। उन्होंने इस संघर्षविराम को “अविश्वसनीय रूप से कमजोर” करार दिया।
युद्ध समाप्त करने के अमेरिकी प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया के बारे में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि वह पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका को ईरान पर पूर्ण विजय प्राप्त होगी। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि एक महीने से अधिक समय से खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष को बड़े पैमाने पर रोकने वाला यह युद्धविराम अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
यह भी पढ़ें:
AIADMK में फूट, शन्मुगम गुट के विधायक विजय सरकार के समर्थन में उतरे
पाकिस्तान का डबल गेम? ईरानी सैन्य विमानों को हवाई अड्डे के इस्तेमाल की अनुमति
IT सेक्टर में भारी बिकवाली: Infosys, TCS समेत दिग्गज कंपनियों के शेयर 3% तक टूटे



